सागर। जिले में शुक्रवार को खाद-उर्वरक वितरण का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने निर्देश दिए कि छोटे किसानों को प्राथमिकता के साथ खाद उपलब्ध कराया जाए ताकि उनकी खेती संबंधी आवश्यकताएं समय पर पूरी हो सकें। उन्होंने कहा कि निजी खाद दुकानदार डबल लॉक सिस्टम से ही वितरण करें, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद वितरण के दौरान कानून व्यवस्था बिल्कुल नहीं बिगड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि डीएपी के साथ एनपीके उर्वरक का वितरण अनिवार्य रूप से किया जाए तथा किसानों को इसके उपयोग के संबंध में जागरूक किया जाए। सभी खाद केंद्रों पर सुबह 6 बजे से वितरण कार्य प्रारंभ करने, पेयजल, छाया, पुलिस व्यवस्था और बैरिकेडिंग की पूर्व तैयारी करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि वितरण से एक दिन पहले किसानों को सूचना दें और उपलब्धता के अनुसार टोकन प्रणाली से खाद वितरित करें। साथ ही प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने हेतु संगोष्ठियों में किसानों को आवश्यक जानकारी दी जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि खाद, उर्वरक या बीज की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी वितरण केंद्रों पर राजस्व और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए।