सागर। जिले में अब वायु प्रदूषण की समस्या से राहत मिलने जा रही है। कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के निर्देशन में किसान भाई आधुनिक सुपर सीडर मशीन का उपयोग कर नरवाई प्रबंधन की दिशा में आगे आ रहे हैं। यह मशीन खेतों में फसल अवशेषों का निपटान कर मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और वायु प्रदूषण रोकने में सहायक सिद्ध हो रही है।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. की अपील का सकारात्मक प्रभाव पूरे जिले में दिखाई दे रहा है। किसानों ने खेतों में नरवाई न जलाने का संकल्प लिया है और हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाया है। इससे जहां खेत की उत्पादकता बनी रहेगी, वहीं पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।
कलेक्टर के निर्देशानुसार एसडीएम श्री गगन बिसेन द्वारा ग्राम पटना बाबा, पंचायत मेढकी, विकासखंड केसली निवासी किसान श्री रामसिंह कुर्मी को सुपर सीडर मशीन क्रय करने पर सम्मानित किया गया। कुल ₹2,53,000 की लागत वाली इस मशीन पर ₹1,20,000 की अनुदान राशि प्रदान की गई, जबकि कृषक अंश ₹1,33,000 रहा।
एसडीएम श्री बिसेन ने बताया कि केसली क्षेत्र के अन्य पांच कृषक भी जल्द ही यह मशीन खरीदेंगे। प्रशासन का उद्देश्य किसानों को प्रोत्साहित कर जिले को प्रदूषणमुक्त बनाना और स्थायी खेती को बढ़ावा देना है।