सागर। विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने शुक्रवार को गोपालगंज क्षेत्र स्थित सिविल लाइन वार्ड के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक–07 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर बच्चों की उपस्थिति, पोषण, स्वच्छता और शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तृत अवलोकन किया।

विधायक जैन ने कहा कि “मजबूत बचपन ही सशक्त भविष्य की नींव है”, इसलिए प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, पौष्टिक आहार और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों की नियमित उपस्थिति और पोषण की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही, बच्चों को मिलने वाले आहार की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार की महिला एवं बाल विकास योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों तक शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इस दिशा में निरंतर निरीक्षण और जवाबदेही से ही योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंच सकता है।
निरीक्षण के दौरान पार्षद श्री वमीम खान, पूर्व पार्षद श्री गौरीशंकर दक्ष, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विधायक जैन ने सभी से बच्चों के समग्र विकास में सहयोग का आह्वान किया।