सागर में भाजपा ने मनाई दीपावली: सांसद लता वानखेड़े बनीं प्रदेश महामंत्री, रजनीश अग्रवाल को मिला मंत्री पद !

Spread the love

सागर, 24 अक्टूबर 2025।
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में सागर जिले की दो प्रमुख हस्तियों — सांसद डॉ. लता वानखेड़े को प्रदेश महामंत्री और रजनीश अग्रवाल को प्रदेश मंत्री का दायित्व मिलने के बाद जिले में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। शुक्रवार की शाम सागर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानो दीपावली मना ली। आतिशबाजी, मिठाइयों और बधाइयों के बीच कार्यकर्ताओं ने इस नियुक्ति को सागर और पूरे बुंदेलखंड की गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, वरिष्ठ नेता गुड्डू वानखेड़े सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दोनों नेताओं की नियुक्ति पर शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने भाजपा का झंडा लहराते हुए “भारतीय जनता पार्टी ज़िंदाबाद” के नारे लगाए और दीपावली की तरह जमकर आतिशबाजी की।

कार्यक्रम में मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सागर और समूचे बुंदेलखंड के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि डॉ. लता वानखेड़े के “पंच से सांसद और अब महामंत्री” बनने की यात्रा प्रेरणादायक है। पार्टी ने उनकी योग्यता और समर्पण को सम्मानित किया है। साथ ही, रजनीश अग्रवाल को प्रदेश मंत्री का दायित्व मिलने से सागर की खुशी दोगुनी हो गई है। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे सागर जिले के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने सांसद लता वानखेड़े और रजनीश अग्रवाल को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपकर सागर को सम्मानित किया है। यह नियुक्ति कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश का संचार करेगी। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के मार्गदर्शन में भाजपा सागर जिले में और अधिक मजबूत होगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत और नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने भी दोनों नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि सागर के लिए यह गर्व की बात है कि जिले के दो सक्रिय नेताओं को प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यक्रम का संचालन और समन्वय जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें अनुराग प्यासी, रामकुमार साहू, जगन्नाथ गुरैया, लक्ष्मण सिंह, रामेश्वर नामदेव, विक्रम सोनी, मनीष चौबे, विनय मिश्रा, आलोक केशरवानी, नीरज यादव, संध्या भार्गव, सुषमा यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।

संपूर्ण कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। भाजपा कार्यालय और आस-पास के क्षेत्रों में देर रात तक बधाइयों का सिलसिला जारी रहा। सागर जिला अब इस उपलब्धि को पार्टी की बड़ी सफलता मान रहा है और आने वाले समय में इसे संगठन को और मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रहा है।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *