सागर, 16 दिसंबर 2024
मध्य प्रदेश शासन द्वारा सुशासन के एक वर्ष पूर्ण होने पर महाकवि पद्यमाकर सभागार में आयोजित एक चित्र-प्रदर्शनी में पं. रविशंकर शुक्ल शा.क.उ. मा. विद्यालय की 318 छात्राओं, 25 शिक्षकों और 10 अभिभावकों ने भाग लिया। कलेक्टर श्री संदीप जी आर के निर्देश पर इस प्रदर्शनी में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्राओं को म.प्र. शासन द्वारा संचालित योजनाओं से परिचित कराना था।

प्रदर्शनी में छात्राओं ने कई योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की, जिनमें प्रमुख योजनाओं जैसे “शिक्षा को सुदृढ़ बनाना,” “शिक्षित होती बेटियाँ,” “नदी जोड़ो योजना,” “रोजगार के अवसरों का निर्माण,” “सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक अभ्युदय,” “सायबर तहसील,” “लाडली लक्ष्मी योजना,” “आवास योजना,” और “खेल सुविधाओं से संबंधित योजनाएं” शामिल थीं। इन योजनाओं ने छात्राओं के बीच जागरूकता को बढ़ाया और उन्हें जनहित की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
विद्यालय की छात्रा कु. भक्ति कोरी ने “स्कूल शिक्षा विभाग” की योजना में रुचि दिखाई। इस योजना के तहत 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 90,000 छात्र-छात्राओं को 25-25 हजार रुपये की लैपटॉप राशि वितरित की जाती है। कु. भक्ति कोरी ने इस योजना को काफी आकर्षक पाया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेन्द्र प्रताप तिवारी ने बताया कि विद्यालय में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी और 200 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जो इस योजना के तहत लैपटॉप राशि के लिए पात्र हैं।

कु. अराधना ने “लाडली लक्ष्मी योजना” के लाभों के बारे में जाना और बताया कि यह योजना बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक मजबूत नींव तैयार कर रही है और इसके तहत कई छात्राओं को लाभ मिल रहा है। इसी तरह, राष्ट्रीय स्तर पर चयनित कु. स्नेहा जाटव ने म.प्र. शासन द्वारा दी जा रही खेल सुविधाओं से संबंधित योजनाओं का लाभ उठाया और इन योजनाओं के बारे में विस्तार से जाना।
छात्राओं के अभिभावकों ने भी इस चित्र-प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बताया कि उन्हें म.प्र. शासन की कई योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी मिली, जो जनहित के लिए बेहद लाभकारी हैं। विशेष रूप से “आवास योजना” के बारे में जानकारी मिली, जो लोगों को पक्के घर प्राप्त करने में मदद करती है।

प्रदर्शनी में विद्यालय के शिक्षकगण श्रीमती रिंकी राठौर, श्रीमती मधुलिका जैन, सुश्री अर्चना कुशवाह, श्री सुमित सिंह राठौर, श्री शशांक धूपड़, श्री अशोक पटैल आदि भी उपस्थित रहे।
इस चित्र-प्रदर्शनी के माध्यम से छात्राओं और अभिभावकों को म.प्र. शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त हुई, जिससे वे इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित हुए हैं और अब वे इन योजनाओं के तहत अपने जीवन में बदलाव लाने के लिए तैयार हैं।