सागर. लोकतंत्र की जड़ें जमीन से पोषण पाती हैं, और इस पोषण की पहली बूंद होती है मतदाता सूची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप जी.आर. के निर्देशन में जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति दे दी गई है। इसी क्रम में जिले के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा बूथ स्तर अधिकारियों अर्थात बीएलओ की बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

कलेक्टर संदीप जी.आर. के निर्देश पर बीना में विजय डेहरिया, खुरई में मनोज चौरसिया, सुरखी में रोहत वर्मा, देवरी में मुनव्वर खान, रहली में कुलदीप पराशर, नरयावली में अमन मिश्रा, सागर में आरती यादव और बंडा में रवीश श्रीवास्तव ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ को अभियान के सुचारू संचालन के निर्देश दिए। साथ ही राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सूची शीघ्र निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 4 नवंबर 2025 से 4 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस अवधि में बीएलओ घर घर पहुंचकर प्रत्येक मतदाता को गणना पत्रक की दो प्रतियां देंगे, जिनमें नागरिकों को अपनी जानकारी भरकर वापस करना होगा। खास बात यह है कि इस दौरान किसी भी दस्तावेज को संलग्न करने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे प्रक्रिया सरल एवं सहज रहेगी।
9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक नाम जोड़ने, मृत अथवा दोहरे नाम हटाने और संशोधन के कार्य किए जाएंगे। इस दौरान नए मतदाता लोकतंत्र के परिवार में शामिल किये जाएंगे और मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन किया जाएगा।

यह अभियान सिर्फ एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि यह सुनिश्चित करने का प्रयास है कि वोट देने का अधिकार हर योग्य नागरिक तक पहुँचे। लोकतंत्र के इस महायज्ञ में प्रशासन और नागरिक दोनों के सहयोग की आवश्यकता है, ताकि आने वाले समय में मतदान केंद्र पर कोई भी आवाज अनसुनी न रह जाए।