सामाजिक तत्वों ने लगाई बाइकों में आग, पांच वाहन जलकर राख !

Spread the love

सागर। शहर के बाघराज वार्ड स्थित छत्रसाल नगर आवासीय परिसर में मंगलवार- बुधवार की दरमियानी रात अचानक हड़कंप मच गया जब अज्ञात असामाजिक तत्वों ने घरों के बाहर खड़ी बाइकों में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पांच दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और क्षेत्रवासी दहशत में हैं।

मिली जानकारी के अनुसार कॉलोनी के ब्लॉक बी-3 में देर रात चार बाइक और एक स्कूटी पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। तेज लपटें उठते देख लोग नींद से जागे और बाहर दौड़े। रहवासियों ने घरों में रखे पानी से आग को बुझाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक तकरीबन पांच वाहन बुरी तरह नुकसान हो चुके थे। गनीमत यह रही कि घनी कॉलोनी में आग घरों तक नहीं पहुंची अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

आगजनी की इस वारदात में अभय रैकवार, चेतन सिंह राजपूत, ओम सोनी, भरत सोनी और जागेश्वर यादव के वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें दो बाइक और दो स्कूटी पूरी तरह जल गईं जबकि एक वाहन को आंशिक नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना पाकर मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि कॉलोनी में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण फिलहाल पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि छत्रसाल नगर आने–जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही मुखबिर तंत्र भी सक्रिय किया गया है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की है और नगर निगम तथा स्थानीय प्रशासन से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रात के समय आवासीय क्षेत्र में इस तरह की हरकतें गंभीर सुरक्षा खतरे का संकेत हैं और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए कड़े कदम उठाने जरूरी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *