भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया सागर जिले में शुरू हो गई है। इस अभियान के अंतर्गत जिले की सभी आठों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के सत्यापन का कार्य 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक किया जा रहा है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संदीप जी.आर. ने नागरिकों से अपील की है कि वे बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) को आवश्यक जानकारी देकर पूर्ण सहयोग करें, ताकि जिले की मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया इस प्रकार होगी:
बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम, पता, आयु और अन्य विवरणों का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं।
प्रत्येक बीएलओ के पास पहले से मतदाता सूची 2025 के अनुसार मतदाताओं के विवरण सहित प्री-प्रिंटेड एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध है।
जिन परिवारों में कोई नया सदस्य 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुका है, उसका नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरा जाएगा।
जिन मतदाताओं का निधन हो गया है या जो अन्यत्र स्थानांतरित हो गए हैं, उनकी जानकारी लेकर सूची से उनके नाम विलोपित किए जाएंगे।
बीएलओ सत्यापन के दौरान कोई दस्तावेज़ एकत्र नहीं करेंगे। केवल ऐसी स्थिति में दस्तावेज़ मांगे जाएंगे जब किसी प्रविष्टि की पुष्टि के लिए रिकॉर्ड से मिलान आवश्यक हो।
सत्यापन के बाद 9 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
नागरिक 9 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक अपने नाम संबंधी दावे या आपत्तियाँ प्रस्तुत कर सकेंगे।
अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
कलेक्टर ने कही ये बात:
कलेक्टर संदीप जी.आर. ने कहा—
“मतदाता सूची की सटीकता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बुनियाद है। प्रत्येक मतदाता का सहयोग इस अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है। बीएलओ जब भी आपके घर आएँ, तो उन्हें पूरी जानकारी दें और उनका पहचान-पत्र अवश्य देखकर ही जानकारी साझा करें।”
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी और बीएलओ इस अभियान को गंभीरता से लें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।