खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने गुरुवार को सुरखी विधानसभा क्षेत्र की बूथ समिति बैठक को संबोधित किया। बैठक में जैसीनगर और सीहोरा मंडल के बूथ अध्यक्ष, महामंत्री, बीएलए-2, सोशल मीडिया प्रभारी, मन की बात प्रभारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने संगठन की मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि मंत्री और विधायक बाद में, पहले हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का असली बल बूथ स्तर पर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं, जिनके प्रयासों से पार्टी की नीतियां और योजनाएं सीधे जनता तक पहुँचती हैं।
उन्होंने कहा कि आज की बैठक में बीएलए-2 (Booth Level Agent) के कार्यों की समीक्षा की जा रही है। प्रत्येक बीएलए को अपने क्षेत्र में अगले एक माह तक मतदाताओं से संपर्क कर एसआईआर (Summary Information Report) से संबंधित कार्य पूरे करने होंगे। उन्होंने कहा कि बीएलए का कार्य आगामी चुनावी तैयारियों के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र के 104 मतदान केंद्रों की बूथ समितियाँ आज इस बैठक में शामिल हुई हैं। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया प्रभारी और मन की बात प्रभारी को अपने कार्यों को गंभीरता से करते हुए संगठन में अपनी पहचान मजबूत करनी चाहिए।
सुरखी विधानसभा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र पाठक ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम के तहत प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सभी बूथों पर सामूहिक रूप से सुना जाए। उसकी तस्वीरें लेकर संगठन के ऐप पर अपलोड करना अनिवार्य है। इसके साथ ही उन्होंने एसआईआर रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया और बीएलए-2 की जिम्मेदारियों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की विचारधारा और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण पर निर्भर करती है।
बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुखदेव मिश्रा, रामेश्वर नामदेव, जनपद अध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र पटैल, सीहोरा मंडल अध्यक्ष लोकमन लोधी, धीरज सिंह औरिया, बालकिशन सोनी, अंशुल परिहार, राकेश दुबे एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का समापन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के उद्बोधन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जनता से जुड़कर पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी दें, यही संगठन की वास्तविक शक्ति है।