नगर परिषद बिलहरा में रविवार को 25 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भव्य लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत रहे।
मंच से संबोधित करते हुए मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि —
“हमारा लक्ष्य है कि सुरखी विधानसभा इतना विकसित हो कि यहां से बच्चे डिप्टी कलेक्टर, एसपी और बड़े-बड़े पदों पर पहुंचें। यह वही क्षेत्र है जो कभी पिछड़ा माना जाता था, लेकिन आज यहां विकास कार्यों की एक नई पहचान बन चुकी है।”
मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि पहले यहां पानी, सड़क और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था, किंतु आज क्षेत्र के हर गांव में विकास कार्यों की लहर है। उन्होंने मंच से एमपीपीएससी 2023 परीक्षा में प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित ग्राम खमकुआ निवासी यशपाल स्वर्णकार का शॉल और श्रीफल से सम्मान किया तथा राहतगढ़ की डीएसपी पद पर चयनित विवेक अग्रवाल को शुभकामनाएं दीं।
युवाओं को मिली स्टेडियम की सौगात
मंत्री श्री राजपूत ने बिलहरा में नव-निर्मित स्टेडियम का लोकार्पण करते हुए कहा कि यह स्टेडियम युवाओं के सपनों को पंख देने का कार्य करेगा।
“जिस प्रकार बुंदेलखंड की बेटी क्रांति गौड़ ने क्रिकेट के क्षेत्र में नाम रोशन किया, उसी तरह इस स्टेडियम में खेलकर हमारे बेटे-बेटियां भी क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।”
50 गांवों को मिलेगा बेहतर आवागमन
कार्यक्रम के दौरान मोकलपुर चौराहा से मड़खेराजागीर मार्ग का लोकार्पण भी किया गया। इस मार्ग के निर्माण से करीब 50 गांवों — खेजरा माफी, पनारी, बिलहरा महुआखेड़ा, पिपरिया, कटंगी, बीरपुर, बरखुआ खुर्द सहित अन्य गांवों को आवागमन की सुविधा मिलेगी और लोगों का समय बचेगा।
बिजली समस्या से मिलेगी राहत
बिलहरा के 33/11 केवी उपकेंद्र की क्षमता 3150 केवी से बढ़ाकर 5000 केवी की गई है। मंत्री राजपूत ने कहा कि इससे बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या समाप्त होगी।
“अब हमारे क्षेत्र में बिजली की कोई कमी नहीं रहेगी, व्यवधान भी नहीं होगा,” उन्होंने कहा।
बच्चों को दी गई साइकिलें — शिक्षा में नहीं आएगा व्यवधान
मंत्री श्री राजपूत ने कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए स्कूलों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की जा रही है।
“हमारे बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं, उन्हें बस अवसर चाहिए, और वह हम उन्हें देंगे,” मंत्री ने कहा।
हर वर्ग को मिल रहा सरकार की योजनाओं का लाभ
मंत्री राजपूत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनकल्याण की भावना से योजनाएं चला रही हैं।
“लाड़ली बहना योजना ने हमारी बहनों को सशक्त बनाया है, किसान सम्मान निधि ने किसानों को सम्मान दिया है, और आयुष्मान योजना ने सबको स्वास्थ्य सुरक्षा दी है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकारें “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र पर कार्य कर रही हैं।
सुरखी विधानसभा — शहरों जैसी सुविधाओं की ओर
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि बिलहरा में सुंदर पार्कों, सौंदर्यकरण कार्यों और घर-घर जलापूर्ति की योजनाओं पर कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि अस्थि विसर्जन हेतु विशेष वाहन व्यवस्था की गई है ताकि शोक की घड़ी में परिजनों को असुविधा न हो।
साथ ही उन्होंने ग्राम मूडरा में 15 करोड़ रुपये के मंगल भवन की घोषणा की तथा बिलहरा में कुल 25 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में —
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट
अमृत धारा-2 योजना
सामुदायिक भवन
स्टेडियम
मंगल भवन
जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यकरण कार्य शामिल हैं।
भव्य स्वागत और तुलादान
क्षेत्रवासियों ने मंत्री श्री राजपूत का भव्य स्वागत एवं तुलादान कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पार्षदगण, पत्रकार एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मुख्य रूप से उपस्थित रहे — संतोष पटैल, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमति कमलेश रमेश चढ़ार, जितेंद्र सिंह राजा भैया, साहब सिंह, रवि ठाकुर, अशोक मिश्रा, सरमन सिंह, श्रीमती अभिलाषा चौबे, श्रीमती भावना चौबे, अवधकिशोर सिंह, राघव कुसुमगढ़, पप्पू सिंह लोधी, राजू सिंह, मनीष गुरु, भूपेंद्र पिपरिया, अशोक सिंह सरपंच, बबलू, मोहन विश्वकर्मा, ब्रजेंद्र सिंह भटुवा वाले सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व ग्रामीणजन।