मालथौन में भगवान बिरसा मुंडा स्मारक व संग्रहालय का निर्माण, 7.5 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन !

Spread the love

मालथौन। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मालथौन नगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने आदिवासी समाज के लिए बड़ी घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि मालथौन नगर में दबंगों से मुक्त कराई गई 25 एकड़ सरकारी भूमि में से 2 एकड़ भूमि पर 5 करोड़ की लागत से भगवान बिरसा मुंडा स्मारक और संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा। इस स्मारक में भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

पूर्व गृहमंत्री ने बताया कि हाल ही में दबंगों से मुक्त कराई गई 100 एकड़ भूमि में से 50 आदिवासी परिवारों को उनकी जमीनें वापस दिलाई गई हैं। उन्होंने मंच से उन सभी आदिवासी परिवारों के नाम पढ़े, जिनकी जमीनें प्रशासन द्वारा कब्जा मुक्त कराई गईं। श्री सिंह ने आदिवासी समाज के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ देश और आदिवासी समाज की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनकी यह प्रेरणा आज भी आदिवासी समाज को गौरव और स्वाभिमान की ओर ले जा रही है।

पूर्व गृहमंत्री ने कहा कि मालथौन नगर के मध्य में बनने वाले स्मारक में आदिवासी संस्कृति का संग्रहालय भी होगा। उन्होंने आदिवासी समाज के बच्चों की शिक्षा और उनके उज्जवल भविष्य के लिए विभिन्न आवासीय विद्यालय और मॉडल स्कूलों की स्थापना का उल्लेख किया। श्री सिंह ने महिलाओं को रोजगार और योजनाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाओं को दिए गए संसाधन हमेशा परिवार और बच्चों के हित में उपयोग होते हैं।

कार्यक्रम में आदिवासी परिवारों की जमीनों के संरक्षण का मुद्दा उठाने वाली जयस महिला प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती सोनू रावत ने श्री भूपेन्द्र सिंह को आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विधायक के प्रयासों से आदिवासी परिवारों की जमीनें दबंगों से मुक्त कर प्रशासन द्वारा वापस दिलाई गई हैं। श्री सिंह ने आदिवासी समाज को आश्वासन दिया कि उनके रहते किसी भी परिवार के साथ अन्याय नहीं होगा और जमीनों के मामलों में पूरी मदद की जाएगी। उन्होंने किसानों और आदिवासी परिवारों से अपील की कि वे अपनी जमीन न बेचें और कृषि के जरिए आय अर्जित करें।

पूर्व गृहमंत्री ने मालथौन व बरोदिया कलां नगर परिषदों में 7.5 करोड़ से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें मालथौन में 1 करोड़ की लागत से विश्राम गृह का निर्माण, बरोदिया कलां में 4.61 करोड़ के आडिटोरियम निर्माण, 94 लाख की लागत से नवीन टीन शेड निर्माण, ट्रैक्टर-ट्रॉली और छोटे वाहनों का लोकार्पण, आदिवासी बहुल सीपुर खास ग्राम की ग्रेवल रोड, तथा मालथौन नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड और डामरीकरण कार्य शामिल हैं।

श्री भूपेन्द्र सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकासवाद की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि अब केवल विकास पर ही चुनाव जीते जा सकते हैं। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में आदिवासी समाज की ओर से श्रीमती सोनू रावत ने पूर्व गृहमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी पहल से आदिवासी समुदाय के अधिकारों की रक्षा हुई और उन्हें न्याय मिला। कार्यक्रम में सागर नगर निगम की पार्षद, अधिवक्ता, मंडल अध्यक्ष और अन्य सभी जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम ने मालथौन में आदिवासी गौरव, भूमि सुरक्षा और विकास के संदेश को मजबूती से प्रस्तुत किया।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *