एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बाल दिवस पर भव्य बाल मेला आयोजित !

Spread the love

एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के माध्यमिक विभाग में बाल दिवस के अवसर पर भव्य बाल मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन माध्यमिक विभाग की प्रभारी श्रीमती कृष्णा साहू के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. आर. के. गुप्ता, ग्राम सरपंच ममता संदीप चढ़ार तथा ग्राम के गणमान्य व्यक्तियों अश्विनी महराज ने विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों और छात्राओं को बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की।

बाल मेले में छात्राओं ने विभिन्न स्टॉल लगाकर व्यापार करने का कौशल सीखा और समझा। प्रत्येक स्टॉल पर छात्राओं ने स्वादिष्ट व्यंजनों जैसे चाट, गोल गप्पे, भेल, पानीपूरी, चना जोर गर्म, मोमोज, समोसे, फलाहारी चाट, मिठाई कार्नर (रसगुल्ले, मावा जलेबी), टॉफी, लॉलीपॉप, स्नैक्स, सब्जी और फल की दुकान (अमरूद, बेर, भाजी आदि) का आयोजन किया।

इस अवसर पर छात्रों ने बेकार वस्तुओं से उपयोगी सामग्री, कागज, मिट्टी, लकड़ी, आटे आदि स्थानीय सामग्रियों का उपयोग कर आकर्षक वस्तुएं, ग्रिटिंग कार्ड, पर्यावरण बच्चों, राखी, मटकी सजाना, चित्रकला आदि तैयार कर प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया।

बाल मेले में छात्रों के मनोरंजन और एकाग्रता विकास हेतु रिंग फेंको फसाओ और ईनाम पाओ, सिक्का फेंको दुगना करो जैसे खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. के. गुप्ता ने अपने संबोधन में बताया कि बाल दिवस भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने बाल मेले के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों को व्यापार कौशल, रोजगार प्रतिस्पर्धा, सामाजिक सामंजस्य, जीवन कौशल और व्यवहारिक शिक्षा प्रदान करने में सहायक है।

माध्यमिक विभाग प्रभारी श्रीमती कृष्णा साहू ने बताया कि बाल मेले का उद्देश्य छात्रों को सृजनात्मक और नवाचारी प्रयास में सम्मिलित करना, भयमुक्त आनंददायक वातावरण प्रदान करना, गणितीय एवं व्यापारिक कौशल विकसित करना, स्वास्थ्य आधारित भोजन, स्वच्छता और सामाजिक जीवन में सामंजस्य जैसी क्षमताओं का विकास करना है।

कार्यक्रम में कल्पना चावला गाइड कंपनी की गाइड प्राची, पूजा, वर्षा, मानसी, हेमवती, कंचन, सोनिका, शिवानी, सरस्वती, गुड़िया, किरण, अंशिका आदि ने गाइड कैप्टन कृष्णा साहू के नेतृत्व में मेला एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य महोदय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए और सभी बच्चों को तिलक लगाकर टॉफी वितरित की। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावक, ग्रामवासी, स्वसहायता समूह के सदस्य और अन्य विद्यालयों के बच्चे भी उपस्थित रहे।

बाल मेले ने छात्रों की सृजनात्मकता, व्यापारिक क्षमता और सामाजिक कौशल को निखारने का उत्कृष्ट मंच प्रस्तुत किया और उपस्थित सभी ने इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *