कलेक्टर श्री संदीप जी आर के निर्देशानुसार आज जिला पंचायत सभा कक्ष में बकरी सेड एवं बकरी पालन के संबंध में कार्यशाला एवं प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों और पशुपालन से जुड़े अन्य हितधारकों को बकरी पालन की आधुनिक तकनीकों, बीमारियों से बचाव और नस्ल सुधार की जानकारी प्रदान करना था।

कार्यशाला में प्रदान संस्था की टीम के कॉर्डिनेटर श्री सोनू बल ने बकरी सेड और बकरी पालन के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बकरियों की उचित देखभाल, पोषण, प्रजनन तकनीक और उच्च उत्पादक नस्लों को अपनाने के लाभों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया।
जिले से सहायक संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग श्री बलराम ने बकरी पालन में अपनाई जाने वाली सावधानियों, आम बीमारियों से बचाव और नस्ल सुधार के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे सही प्रबंधन और स्वास्थ्य देखभाल से बकरियों की उत्पादकता में वृद्धि की जा सकती है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक के वी ने बकरी सेड के कार्य और प्रशिक्षण की महत्ता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण और कार्यशालाएँ किसानों और पशुपालकों के लिए बेहद उपयोगी हैं, क्योंकि ये उन्हें आधुनिक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से पशुपालन की ओर प्रेरित करती हैं।
कार्यशाला में उपस्थित SRLM के संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और बकरी पालन से जुड़े अपने अनुभव एवं प्रश्न साझा किए। प्रशिक्षण का समापन किसानों को दी गई मार्गदर्शन सामग्री और व्यावहारिक सुझावों के साथ किया गया।
इस कार्यशाला का उद्देश्य जिले में बकरी पालन को बढ़ावा देना, किसानों की आय में सुधार करना और पशुपालन के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों का प्रयोग सुनिश्चित करना था। उपस्थित सभी किसानों और अधिकारियों ने प्रशिक्षण की उपयोगिता की सराहना की और इसे आगे भी नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।