सागर/खुरई। खुरई के कृषि महाविद्यालय में अधिष्ठाता के एक पद सहित सहायक प्राध्यापकों के 21 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह जानकारी पूर्व गृह मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह के विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना ने दी।

मंत्री कंसाना ने बताया कि कृषि महाविद्यालय में कुल 23 स्वीकृत सहायक प्राध्यापक पद और 54 अशैक्षणिक संवर्ग के पद रिक्त हैं। अधिष्ठाता और 21 सहायक प्राध्यापक पदों के लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है। महाविद्यालय में प्रयोगशाला उपकरण, प्रोजेक्टर, फर्नीचर आदि खरीदने की प्रशासनिक अनुमति भी प्रदान कर दी गई है।
साथ ही, उन्होंने बताया कि वर्तमान में खुरई के 40 छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय के अन्य केन्द्रों में भेजने संबंधी कोई प्रस्ताव नहीं है।
इसके अलावा, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री श्री गौतम टेटवाल ने बताया कि विभाग की नीति के अनुसार प्रत्येक विकासखण्ड में एक शासकीय आई.टी.आई. स्थापित करना प्राथमिकता है। इस सूची में खुरई विकासखण्ड को भी शामिल किया गया है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
इस निर्णय से खुरई कृषि महाविद्यालय में शिक्षा और प्रशासनिक संरचना मजबूत होगी, साथ ही खुरई में आई.टी.आई. स्थापना से स्थानीय युवाओं के कौशल विकास और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।