झील किनारे गंगा आरती में श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भगवद्‌गीता के श्लोकों का श्रवण किया !

Spread the love

सागर। लाखा बंजारा झील किनारे हर सोमवार आयोजित होने वाली गंगा आरती में इस बार भी भक्तिभाव का अद्भुत माहौल देखने को मिला। सोमवार शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु झील किनारे एकत्र हुए और दीपों की रोशनी के बीच आरती में भाग लिया। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं को श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय के श्लोकों का हिंदी अर्थ भी सुनाया गया, जिसे सभी ने श्रद्धाभाव से श्रवण किया।


जन्मदिन पर सुलेखा गोस्वामी बनीं मुख्य यजमान

कार्यक्रम में सुलेखा गोस्वामी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर मुख्य यजमान बनकर आरती में विशेष रूप से भाग लिया। आयोजन समिति ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और इस पवित्र अवसर में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया।


हर सोमवार शाम 7 बजे होती है भव्य गंगा आरती

लाखा बंजारा झील को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने, तथा जल संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह आरती हर सोमवार शाम 7 बजे आयोजित की जा रही है।

स्मार्ट सिटी और नगर निगम सागर द्वारा झील क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किए जाने के बाद चकराघाट से गणेशघाट तक लगभग 400 मीटर का क्षेत्र आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। रंगीन लाइटें, साफ-सुथरे घाट और सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था से यहां आने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।


हर उम्र के लोग उत्साह से हो रहे शामिल

गंगा आरती में शहर के विभिन्न वार्डों के नागरिक, विद्यार्थी, महिलाएँ, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
झील किनारे मंत्रोच्चार, घंटा-घड़ियाल की ध्वनि और दीपमालाओं से पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से भर जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *