कलेक्टर सागर के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) ने 3 दिसंबर 2025 को बम्होरी तिराहा और शहरी क्षेत्र में स्कूल वाहनों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान कुल 25 स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई गंभीर कमियां सामने आईं।

जांच के दौरान 02 स्कूल बसों में आपातकालीन द्वार (Emergency Exit) के पास सीटें लगी हुई पाईं, जो सुरक्षा मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है। वहीं 02 अन्य बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, रिफ्लेक्टर टेप, VLT डिवाइस, अग्निशमन यंत्र, HSRP नंबर प्लेट, और चालक का निर्धारित गणवेश जैसी आवश्यक सुरक्षा व दस्तावेज संबंधी कमियां पाई गईं। इन अनियमितताओं पर मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹14,000 का चालान वसूला गया।
इसके अलावा 2 स्कूल बसें—MH04G7148 और MP09FA2748—बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाई गईं, जिन्हें तत्काल जप्त कर RTO कार्यालय परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने सभी स्कूल बस संचालकों को कड़ी चेतावनी दी है कि वे माननीय उच्चतम न्यायालय के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए ही स्कूल बसों का संचालन करें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक वाहन में—
- स्पीड गवर्नर
- समुचित वाहन कंडीशन
- वैध बीमा
- फिटनेस प्रमाणपत्र
- प्रदूषण प्रमाणपत्र
- मोटरयान कर भुगतान रसीद
- फर्स्ट एड बॉक्स
- अग्निशमन यंत्र
- चालक के पास HEAVY लाइसेंस
- चालक का निर्धारित गणवेश
पूर्ण रूप से उपलब्ध हों।
RTO ने यह भी स्पष्ट किया कि बैठक क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाया जाए।
साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की स्वयं जांच करें, और यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या ओवरलोडिंग दिखाई दे तो तत्काल परिवहन जांच दल को सूचित करें, ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।