सागर। शहर के कृष्णगंज वार्ड में शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने घरों के बाहर खड़ी दो बाइकों और एक स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। लगातार दो वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कृष्णगंज वार्ड निवासी पप्पू साहू के घर के सामने खड़ी बाइक में देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह जलकर राख में बदल गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
इसी घटना के करीब एक घंटे बाद, रात लगभग 1.30 बजे, उसी वार्ड में कुंदन सेन के घर के बाहर खड़ी स्कूटी में भी आग लगा दी गई। मौके से शराब की बोतल में भरा पेट्रोल बरामद होने से आशंका जताई जा रही है कि दोनों घटनाएं सुनियोजित ढंग से अंजाम दी गई हैं।

पीड़ितों ने गोपालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात हुई इन आगजनी की वारदातों से वार्ड में भय का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़े जाने का आश्वासन दिया है।