नगर में बच्चों, युवाओं और वृद्धों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र तैयार हो रहा है। अटल-सेतु के पास रिवर व्यू क्षेत्र में डेढ़ एकड़ भूमि पर अटल पार्क का निर्माण तेजी से चल रहा है। पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। पार्क और प्रतिमा का लोकार्पण 25 दिसंबर को अटलजी की जन्म जयंती पर समारोह के साथ किया जाएगा। गौरतलब है कि अटल-सेतु का लोकार्पण भी इसी दिन वर्ष 2022 में किया गया था।

निर्माण कार्य तेज गति से जारी
वर्तमान में पार्क की जमीन को समतल कर लिया गया है। बाउंड्री और पाथ-वे का निर्माण पूरा हो चुका है। बाउंड्री के किनारे पौधारोपण किया गया है। वहीं प्रतिमा के फाउंडेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद—
- बच्चों के लिए झूले और चकरी
- युवाओं के लिए देशी जिम
- वृद्धों के लिए आराम से बैठने कुर्सियां
स्थापित की जाएंगी, ताकि हर आयु वर्ग के लोग यहां समय बिता सकें।
नगर में पार्कों की कमी को मिलेगी राहत
नगर में फिलहाल सिर्फ दो पार्क—गुणाकर पार्क और महाराणा प्रताप पार्क—मौजूद हैं, जो आकार में छोटे होने के कारण केवल शिशु वर्ग के बच्चों की मौज–मस्ती तक सीमित हैं। युवाओं के टहलने और वृद्धों के बैठकर समय बिताने की सुविधा इन पार्कों में उपलब्ध नहीं है। इस कारण लोग अटल सेतु या मादरा रोड स्थित निजी कॉलोनियों की ओर जाना मजबूरी मानते हैं।
अटल पार्क के निर्माण से यह कमी दूर होगी। विशेष रूप से वे वृद्धजन, जो अब तक अटल सेतु या नदी तट की सीढ़ियों पर बैठने को विवश थे, उन्हें एक सुरक्षित और शांत बैठने का स्थान मिलेगा। युवाओं को व्यायाम और टहलने की सुविधा मिलेगी तथा बच्चों के लिए मनोरंजन के पर्याप्त साधन उपलब्ध होंगे।
अटल पार्क के लोकार्पण के साथ शहर को एक नया हरित और मनोरंजक स्थल मिलने जा रहा है, जो सभी वर्गों के लिए लाभदायक साबित होगा।