सागर | 06 दिसंबर 2025
मध्य प्रदेश के सागर जिले में 79वां होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। आयोजन होमगार्ड लाइन सागर परिसर में किया गया, जिसमें जिले के प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी, होमगार्ड जवान, स्कूली बच्चे एवं नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री विवेक के.वी. रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा परेड निरीक्षण के साथ हुआ। इसके पश्चात होमगार्ड की कुल पांच टुकड़ियों द्वारा भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। परेड अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना का जीवंत उदाहरण रही, जिसमें प्रत्येक टुकड़ी ने मंच के समक्ष गुजरते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी।

मार्च पास्ट के उपरांत आपदा प्रबंधन से संबंधित उपलब्ध संसाधनों एवं उपकरणों का मुख्य अतिथि द्वारा अवलोकन किया गया। इस दौरान होमगार्ड जवानों द्वारा आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों की जानकारी भी दी गई। मुख्य अतिथि श्री विवेक के.वी. ने अपने संबोधन में कहा कि होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा बल समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करता है और विपरीत परिस्थितियों में इनका योगदान सराहनीय रहता है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश सिन्हा ने भी होमगार्ड जवानों की सेवाभावना और अनुशासन की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र के समापन के बाद दोपहर 3 बजे द्वितीय सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया। रस्साकसी, कुर्सी दौड़ जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन खेलों ने कार्यक्रम में मनोरंजन और आपसी सहयोग का माहौल बनाया।
इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें देशभक्ति नृत्य, गीत व नाट्य मंचन शामिल रहा। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए बच्चों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के अंत में उपस्थित समस्त अध्यापकों, बच्चों, होमगार्ड जवानों एवं गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

समग्र रूप से 79वां होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस सेवा, अनुशासन और सामाजिक समर्पण के संदेश के साथ सागर जिले में यादगार रूप में संपन्न हुआ।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237