सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र के ग्राम चांदामऊ में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक कच्चे मकान में अचानक लगी आग ने बड़ा हादसा कर दिया। आग की चपेट में आने से दो भाई और बहन गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 15 वर्षीय कार्तिक चढ़ार ने दम तोड़ दिया।
रविवार को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

विधायक प्रदीप लारिया पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही नरयावली के विधायक प्रदीप लारिया बीएमसी पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल बच्चों—साक्षी (22) और अनुज (19)—का हाल जाना। डॉक्टरों से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्तिक की मौत पर विधायक ने परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
रात में अचानक भड़की आग
गुरुवार देर रात गणेश चढ़ार के कच्चे घर में अचानक आग लग गई।
घटना के समय गणेश खेत में थे, जबकि उनकी पत्नी एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं।
घर में तीनों भाई-बहन—साक्षी, अनुज और कार्तिक—सो रहे थे। अचानक मकान में आग भड़की और देखते ही देखते भीषण रूप ले लिया।
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और मशक्कत कर तीनों को बाहर निकाला। तब तक सभी गंभीर रूप से झुलस चुके थे।
एक की मौत, दो का इलाज जारी
तीनों को बीएमसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कार्तिक को बचा नहीं सके। उसकी मौत से गांव में शोक का माहौल है।
जबकि साक्षी और अनुज का उपचार जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि आग कैसे लगी इसका अभी स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।