खजुराहो में सीएम ने दिव्यांग लिफ्ट का किया शुभारंभ, मनमोहक लाइट एंड साउंड शो का अवलोकन !

Spread the love


मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खजुराहो प्रवास के दौरान विश्व धरोहर पश्चिमी मंदिर समूह में आयोजित भव्य लाइट एंड साउंड शो का अवलोकन किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मंदिर समूह में दिव्यांगजनों के लिए स्थापित विशेष लिफ्ट का शुभारंभ किया, जो अब सभी दिव्यांग पर्यटकों को मंदिर समूह देखने में बड़ी सहूलियत प्रदान करेगी।

लाइट एंड साउंड शो में खजुराहो के विश्वप्रसिद्ध मंदिरों, चंदेल वंश के गौरवशाली इतिहास और बुंदेलखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को आकर्षक रोशनी व ध्वनि तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। मंत्रमुग्ध कर देने वाले इस प्रस्तुतीकरण ने मुख्यमंत्री समेत सभी उपस्थित अतिथियों को प्रभावित किया।

कार्यक्रम की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खजुराहो की इस धरोहर को नई तकनीक के माध्यम से दुनिया के सामने प्रस्तुत करना अत्यंत सराहनीय कदम है। इससे न केवल क्षेत्र की कला-संस्कृति को संरक्षण मिलेगा, बल्कि पर्यटन को भी नया आयाम प्राप्त होगा।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री लखन सिंह पटेल, अन्य मंत्रीगण तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। स्थल पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *