सागर।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर कलेक्टर संदीप जी. आर. को प्रतीक ध्वज लगाया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने अपने संदेश में कहा कि यह दिवस देश के वीर सैनिकों, शहीदों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त करने का विशेष अवसर है। उन्होंने बताया कि सागर जिले ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा तय लक्ष्य से अधिक राशि संग्रहित की है, जिसका उपयोग शहीदों के परिजनों, पूर्व सैनिकों और आश्रितों के कल्याणकारी कार्यों में किया जाएगा।
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय परिसर में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन (नौसेना) उपेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया (से.नि.) की अगुवाई में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियाँ और उनके आश्रित शामिल हुए।



समारोह के दौरान सागर जिले के 10 वीर सैनिकों को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिन्होंने देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों ने शहीद परिवारों के प्रति अपनी संवेदना और कृतज्ञता व्यक्त की।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर कलेक्टर ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे शहीदों के परिवारों एवं पूर्व सैनिकों के सहयोग हेतु अधिक से अधिक योगदान दें, ताकि उनके कल्याण के लिए नई और प्रभावी पहलें जारी रखी जा सकें।