होटल कर्मचारी सहित 4 युवकों पर आईटी एक्ट में एफआईआर !

Spread the love

सीहोर जिले के कुबेरेश्वर धाम क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां होटल में ठहरे एक कपल का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। मंडी थाना पुलिस ने इस शर्मनाक कृत्य को अंजाम देने वाले चार युवकों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

कैसे हुआ खुलासा?
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान से आया एक कपल कुबेरेश्वर धाम क्षेत्र के एक होटल में ठहरा हुआ था। इसी दौरान पास के ही एक अन्य होटल में काम करने वाले युवक सुमित पैरवाल ने कमरे की लाइट जलती होने और पर्दा खुला होने का फायदा उठाकर कपल की निजी स्थिति का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में उसने यह वीडियो वॉट्सऐप के जरिए अपने दोस्तों को भेज दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया।

होटल मैनेजर की शिकायत पर हुई कार्रवाई
होटल डमरूवाला के मैनेजर कृष्णपाल उर्फ कृष्णा वर्मा ने 8 दिसंबर को मंडी थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के दौरान सुमित पैरवाल के फोन से कपल का वही आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुआ, जिससे पूरे मामले की पुष्टि हो गई।

आरोपी ने स्वीकार किया जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी सुमित ने वीडियो बनाने और उसे अपने दोस्तों को भेजने की बात कबूल कर ली है।

चार आरोपियों पर एफआईआर दर्ज
सीएसपी अभिनंदना शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार युवकों—अंकित जाटव, विनोद मालवीय, सुमित पैरवाल और कमलेश उर्फ कनक कौशल—के खिलाफ आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने अपील की है कि किसी की निजी गोपनीयता भंग करने, वीडियो बनाने या वायरल करने जैसी हरकतें कानूनन अपराध हैं और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *