खजुराहो में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दो दिवसीय प्रवास के दौरान आयोजित हुई कैबिनेट बैठक बुंदेलखंड, विशेषकर सागर जिले के लिए ऐतिहासिक साबित हुई। इस बैठक में लिए गए बड़े निर्णयों ने सागर के विकास को सड़क, उद्योग, वन्यजीव पर्यटन और स्वास्थ्य — चारों क्षेत्रों में एक नई ऊँचाई प्रदान की है। प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इसे सागर के लिए स्वर्णिम क्षण बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड को हजारों करोड़ की विकास सौगातें देकर नए आयामों की नींव रखी है।

25,000 करोड़ की लागत से नया औद्योगिक क्षेत्र — 30,000 युवाओं को रोजगार की उम्मीद
राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा सागर में 608.93 हेक्टेयर भूमि पर 25 हजार करोड़ रुपये की लागत से विशाल नया औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। इसमें अनेक उद्योगों के स्थापित होने की संभावना है और इससे लगभग 30,000 युवाओं को रोजगार मिलने का अनुमान है।
इसके साथ मसवासी ग्रांट औद्योगिक क्षेत्र के लिए स्वीकृत विशेष औद्योगिक प्रोत्साहन पैकेज के तहत:
- भूमि टोकन शुल्क केवल ₹1 प्रति वर्गमीटर
- किराया एवं रजिस्ट्रेशन शुल्क में पूर्ण छूट
- बिजली दरों में विशेष रियायत
जैसी सुविधाएँ बड़े निवेश को बढ़ावा देंगी।
नौरादेही अभ्यारण्य में जुलाई में आएंगे 4 चीते — पर्यटन को मिलेगी बड़ी उड़ान
पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि के रूप में जुलाई 2025 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नौरादेही अभ्यारण्य में 4 चीते लाएंगे।

यह कदम नौरादेही को प्रदेश के तीसरे चीता आवास के रूप में विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे न केवल पर्यावरणीय संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि इको–टूरिज्म से बुंदेलखंड का आर्थिक विकास भी गति पकड़ेगा।
सागर–दमोह रोड अब बनेगा 4 लेन — 2059 करोड़ की मंजूरी
कैबिनेट बैठक में सागर–दमोह मार्ग को 4-लेन मय पेव्ड शोल्डर के साथ विकसित करने के लिए 2059.85 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस परियोजना में —
- 13 अंडरपास
- 3 फ्लाईओवर
- 9 मिडियन
- 1 रेलवे ओवरब्रिज (ROB)
- 13 पुल-पुलिया
का निर्माण शामिल होगा।
इससे सागर, दमोह, भोपाल और जबलपुर यात्रियों एवं परिवहन के लिए तेज, सुरक्षित और सुलभ मार्ग उपलब्ध होगा।

बीना में स्वास्थ्य सेवाएँ मजबूत — 100 बिस्तरों का अस्पताल
जन–स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी राहत देते हुए बीना सिविल अस्पताल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तर करने और नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है।
इससे बीना और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ और विशेषज्ञ चिकित्सीय सेवाएँ उपलब्ध हो सकेंगी।

बुंदेलखंड के लिए ऐतिहासिक दिन — नेताओं ने जताया आभार
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि इन विकास कार्यों से सागर के विकास की नई कहानी लिखी जाएगी और युवाओं को रोजगार एवं उद्योगों को निवेश के बड़े अवसर मिलेंगे।
पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव तथा नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने भी मुख्यमंत्री को आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह घोषणाएँ बुंदेलखंड को विकास की मुख्यधारा में लाने वाला साहसिक निर्णय है।