तेंदुए का हमला: रेस्टोरेंट संचालक गंभीर, पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम रेस्क्यू में जुटी !

Spread the love

दमोह जिले के हटा ब्लॉक में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब शासकीय सिविल अस्पताल के सामने एक तेंदुए ने रेस्टोरेंट संचालक पर हमला कर दिया। हमले में संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला करने के बाद तेंदुआ घर की छत पर जा पहुंचा, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

रेस्टोरेंट में घुसा तेंदुआ, संचालक गंभीर

घायल शरद अग्रवाल (42 वर्ष), पिता कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि सुबह 11 बजे वे अपने रेस्टोरेंट में बैठे थे, तभी अचानक तेंदुआ भीतर घुस आया और उन पर हमला कर दिया। वे किसी तरह जान बचाकर भागे। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

वन विभाग और पुलिस मौके पर, भीड़ से जाम की स्थिति

सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला, हटा रेंजर ऋषि तिवारी, हटा पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल स्थल पर पहुंच गया।
तेंदुए के छत पर छिपने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल पर इकट्ठा हो गए, जिससे हटा–दमोह मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस लगातार अनाउंसमेंट कर भीड़ को हटाने की अपील कर रही है।

ड्रोन से खोज शुरू, पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम बुलाई गई

हटा रेंजर ऋषि तिवारी ने बताया कि जानवर तेंदुआ ही है, क्योंकि 6 फीट ऊंची दीवार पार करना केवल तेंदुए के लिए संभव है।
उन्होंने कहा कि घायल के इलाज का पूरा खर्च वन विभाग उठाएगा

तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पन्ना टाइगर रिजर्व से रेस्क्यू टीम बुला ली गई है। टीम स्थल की ओर रवाना हो चुकी है। फिलहाल तेंदुए की लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली जा रही है।

लोगों में दहशत, प्रशासन पूरी तरह सतर्क

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़ न जुटाएँ और तेंदुए के रेस्क्यू कार्य में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *