भोपाल में सोमवार शाम बीसीएलएल की लाल बस के ड्राइवर पर जानलेवा हमला कर दिया गया। सवारी बैठाने और बस की टाइमिंग को लेकर हुए विवाद में दूसरी प्राइवेट बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हमले में घायल ड्राइवर मोहम्मद अजहर खान के चेहरे पर धारदार हथियार से गंभीर चोट आई है।
समरधा में पेट्रोल पंप के पास हमला
यह घटना दोपहर करीब 3:30 बजे, समरधा मिसरोद स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास हुई। जानकारी के मुताबिक लाल बस TR-4B रूट पर चलती है और गांधी नगर से मंडीदीप के बीच संचालित होती है। सोमवार को बस मंडीदीप से भोपाल लौट रही थी, तभी समरधा में बस के रुकते ही पहले से मौजूद नीली बस के ड्राइवर नदीम ने विवाद शुरू कर दिया।
दो दिन पहले भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हो चुकी थी।

गाली-गलौज के बाद चाकू से हमला
पुलिस के अनुसार, नदीम ने आते ही ड्राइवर अजहर खान को गालियां दीं और हाथापाई शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने पास में रखा चाकू निकाला और अजहर के दाहिने गाल पर वार कर दिया। चेहरे से खून बहने लगा।
बस कंडक्टर महेंद्र कुमार और एक अन्य युवक जेद ने बीचबचाव कर किसी तरह अजहर की जान बचाई। आरोपी नदीम भागते हुए धमकी देकर गया कि यदि दोबारा सवारी या टाइमिंग की बात की तो वह जान से खत्म कर देगा।
घायल अजहर को तुरंत एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है।
मिसरोद थाना पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना के बाद कंडक्टर महेंद्र कुमार ने मिसरोद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी नदीम के खिलाफ
- मारपीट,
- गाली-गलौज,
- धारदार हथियार से हमला,
- और जान से मारने की धमकी
की धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय परिवहन कर्मियों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।