मऊगंज जिले के बेलहई गांव का एक खुशहाल और एकजुट परिवार अयोध्या राम मंदिर दर्शन की यात्रा पर निकला था, लेकिन यह यात्रा उनके लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गई। गुरुवार तड़के अयोध्या से करीब 10 किलोमीटर पहले कल्याण भदरसा गांव के पास नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद से पूरे गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिवार के सदस्य बोलेरो वाहन (MP17 TA 2441) से 10 दिसंबर की रात करीब 11 बजे भगवान रामलला के दर्शन के लिए निकले थे। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे, घने कोहरे और अंधेरे के बीच बोलेरो की टक्कर बिना लाइट वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो गई। बोलेरो तेज रफ्तार में थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में मीराबाई पटेल (50), अंकिता पटेल (25) और बोलेरो चालक रामयश मिश्रा (50) की मौके पर ही मौत हो गई। रामयश मिश्रा रीवा जिले के जोगिनिहाई के निवासी थे। वहीं, चित्रसेन पटेल, दीपक पटेल, आशीष पटेल, तनुजा पटेल, चंद्रकली पटेल, कुसुमवती पटेल, शशी पटेल और 5 वर्षीय शिवांश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और वे आईसीयू में भर्ती हैं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर घायल और शव पड़े थे, इसी बीच कुछ बदमाशों ने मोबाइल, पर्स और अन्य सामान चोरी कर लिया, जिससे परिजनों का दर्द और बढ़ गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतका मीराबाई पटेल के पति महेंद्र मणि पटेल ने रोते हुए बताया कि एक पल में उनकी पूरी दुनिया उजड़ गई। उन्होंने कहा कि मीराबाई जाते वक्त घर का सारा इंतजाम समझाकर गई थीं, क्या पता था कि वह आखिरी मुलाकात होगी।
तीन भाइयों का यह 14 सदस्यीय परिवार, जो हर त्योहार और खुशी साथ मनाने के लिए जाना जाता था, आज गहरे सदमे में है। गांव बेलहई में हर घर में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।