दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, हाईवे पर लगा लंबा जाम !

Spread the love

छतरपुर में सागर–कानपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जवाहर रोड स्थित पंजाब बैंक चौराहे के सामने हुआ, जहां बस स्टैंड की ओर से आ रहे एक ट्रक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक (क्रमांक UP78-CT-6542) ने स्कूटी (क्रमांक MP13-MA-3234) को तेज रफ्तार में पीछे से टक्कर मारी। टक्कर लगते ही स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक का पहिया उसके शरीर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

शव जिला अस्पताल भेजा गया, पहचान नहीं

हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

हाईवे पर लगा एक किलोमीटर लंबा जाम

दुर्घटना के बाद सागर–कानपुर नेशनल हाईवे पर दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और धीरे-धीरे आवागमन सुचारु कराया।

अतिक्रमण और संकरी सड़क पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए जवाहर रोड पर फैले अतिक्रमण और सड़क की संकरी हालत को जिम्मेदार बताया। उनका कहना है कि सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण होने से आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *