कारों के कांच तोड़कर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस !

Spread the love

इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में कारों के कांच फोड़कर दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का इलाके में जुलूस निकाला गया और उससे उठक-बैठक लगवाई गई। इस दौरान आरोपी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए दोबारा ऐसी गलती न करने की बात कही।

घटना सूर्यदेव नगर की है, जहां सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने पत्थर बरसाकर कई कारों के कांच फोड़ दिए थे। इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक आरोपी की पहचान रोहित नाडेला के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी रोहित नाडेला निवासी कुंदन नगर को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने साथियों के साथ शराब पी थी। रात करीब 12:30 बजे रास्ते में किसी बात को लेकर उनका झगड़ा हो गया, जिसके बाद गुस्से में आकर उन्होंने कारों पर पत्थर फेंककर तोड़फोड़ की।

डीसीपी आनंद कलादगी ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आरोपी को हिरासत में लेकर विधिवत कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने द्वारकापुरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। एक महिला की शिकायत पर भी पुलिस ने अलग से प्रकरण दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी वारदात करते हुए साफ नजर आ रहे हैं, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *