क्रेन हादसे के बाद फिर शुरू हुआ पीथमपुर रेलवे ओवरब्रिज का काम !

Spread the love

इंदौर। इंदौर–दाहोद रेलवे लाइन पर पीथमपुर के सागौर क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज पर स्लैब चढ़ाने का कार्य शुक्रवार से पुनः शुरू कर दिया गया है। यह काम 30 अक्टूबर को हुए भीषण क्रेन हादसे के बाद बंद कर दिया गया था, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

30 अक्टूबर को ब्रिज पर दो भारी क्रेन और एक जेसीबी की मदद से स्लैब चढ़ाने का कार्य चल रहा था, तभी एक क्रेन का पाया जमीन में धंस गया। संतुलन बिगड़ने से क्रेन नीचे गिर गई और सागौर से कुटी मार्ग पर गुजर रहे टाटा एस मैजिक और एक पिकअप वाहन उसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी।

हादसे के बाद सुरक्षा को लेकर सवाल उठे और निर्माण कार्य कई दिनों तक बंद रहा। निर्माण एजेंसी ने प्रशासन को बताया कि जोखिम भरे कार्यों के दौरान मार्ग बंद होने के बावजूद वाहन चालक और पैदल यात्री रुकने को तैयार नहीं होते, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने रहवासियों और हल्के वाहनों की सुविधा के लिए सागौर आने-जाने के लिए तीन अलग-अलग स्थानों पर डायवर्जन मार्ग तैयार किए। इसके बाद 21 नवंबर से ब्रिज के समीप स्थित सागौर का मुख्य मार्ग दो महीनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया। मार्ग बंद होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई है।

शुक्रवार को रेलवे ओवरब्रिज पर स्टील गार्डर और स्लैब चढ़ाने का कार्य कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू किया गया। मौके पर दो बड़ी क्रेन और एक जेसीबी मशीन तैनात की गई। चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया गया और तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। निर्माण एजेंसी के साथ रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

पूर्व में हुए हादसे से सबक लेते हुए क्रेन के पायों को लोहे की मजबूत प्लेटों पर रखा गया। शुक्रवार दोपहर तक दो स्लैब सुरक्षित तरीके से चढ़ा लिए गए हैं, जबकि तीसरा स्लैब शनिवार या रविवार को चढ़ाए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *