छतरपुर के पठापुर रोड पर शुक्रवार देर रात 18 वर्षीय युवक पर दर्जनभर लोगों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और कट्टे की बट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे ग्वालियर रेफर किया गया है। उसकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार पठापुर रोड गली नंबर-2 निवासी राज पाठक शुक्रवार देर रात अपने दोस्तों के साथ मोहल्ले में घूम रहा था। इसी दौरान साहू की चक्की के पास मनीष कुशवाहा, नंदू कुशवाहा, पप्पू कुशवाहा, पुलाव दादा, चंदू कुशवाहा, चतुर कुशवाहा सहित अन्य लोगों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और कट्टे की बट से राज के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए।

पुराने विवाद को लेकर हमला
परिजनों का कहना है कि राज का आरोपियों से पुराना विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात जब वह बाइक से जा रहा था, तभी एक आरोपी ने चलती बाइक पर डंडा फेंक दिया, जिससे राज सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और खून से लथपथ हालत में उसे सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।

10 हजार का इनाम घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आगम जैन ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
दो आरोपी हिरासत में
पुलिस ने संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।