राजधानी भोपाल की भीम नगर झुग्गी बस्ती में सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां जेल से दो दिन पहले छूटकर आए एक नाबालिग बदमाश ने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी युवक के साथ पहले जमकर मारपीट की गई, फिर जमीन पर गिराकर उस पर चाकू से हमला किया गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र की भीम नगर बस्ती की है। पुलिस के अनुसार दानिश खान पिता असलम खान (22), निवासी भीम नगर, निजी काम करता है। मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने मोहल्ले में खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला शिवम अपने एक नाबालिग साथी के साथ वहां पहुंचा।

गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
दानिश को देखते ही शिवम ने गाली-गलौज शुरू कर दी। दानिश ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और शिवम मारपीट पर उतर आया। इसी दौरान शिवम ने अपने नाबालिग साथी को दानिश पर छुरी मारने के लिए उकसाया। दोनों ने मिलकर दानिश को जमीन पर गिरा दिया। शिवम उसके सीने पर बैठकर मारपीट करता रहा, जबकि नाबालिग ने चाकू निकालकर दानिश पर हमला कर दिया। चाकू का वार कान के पास लगा, जिससे दानिश गंभीर रूप से घायल हो गया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
CCTV फुटेज आया सामने
घटना का सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह युवक को घेरकर मारपीट की गई और फिर चाकू से हमला किया गया।
अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर आया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
