मोहन यादव सरकार के दो साल पूरे होने पर प्रदेशभर में मंत्री सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं। इसी क्रम में ग्वालियर पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर सरकार के कार्यकाल को बेमिसाल बताया। हालांकि, जब मीडिया ने ग्वालियर की बदहाल सड़कों को लेकर सवाल उठाए तो मंत्री सीधे जवाब देने से बचते नजर आए। सड़क सुधार पर उन्होंने केवल इतना कहा कि काम “दुरुस्त कराया जा रहा है।”
एक घंटे तक गिनाईं उपलब्धियां
ग्वालियर में आयोजित प्रेसवार्ता में मंत्री तुलसी सिलावट ने करीब एक घंटे तक बीजेपी सरकार के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में हर क्षेत्र में विकास हुआ है और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है।
सड़कों के मुद्दे पर गोलमोल जवाब
प्रेसवार्ता के दौरान जब मीडिया ने जमीनी हकीकत से जुड़े सवाल किए तो ग्वालियर की जर्जर सड़कों का मुद्दा प्रमुख रहा। पत्रकारों ने पूछा कि निरीक्षण और निर्देशों के बावजूद सड़कों की हालत क्यों नहीं सुधरी। इस पर मंत्री ने कहा कि इस विषय पर पहले ही चर्चा हो चुकी है और अब सरकार की उपलब्धियों पर बात की जानी चाहिए।
‘दुरुस्त कराया जा रहा है’ तक सीमित जवाब
जब सड़कों को लेकर सवाल दोहराया गया तो मंत्री ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि सड़कों को “दुरुस्त कराया जा रहा है।” हालांकि, उन्होंने किसी ठोस योजना या समयसीमा का उल्लेख नहीं किया।

बरसात के बाद भी नहीं सुधरे हालात
उल्लेखनीय है कि ग्वालियर की बदहाल सड़कें बीते कुछ महीनों से लगातार चर्चा में हैं। बरसात के दौरान शहर के कई प्रमुख और पॉश इलाकों की सड़कें धंस गई थीं और जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए थे। उस समय प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट से लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तक ने अधिकारियों को फटकार लगाई थी और जल्द सुधार के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद, बरसात खत्म हुए करीब चार महीने बीत जाने के बाद भी हालात में खास सुधार नहीं हुआ, जिससे शहरवासियों में नाराजगी बनी हुई है।
योजनाओं को बताया ऐतिहासिक
मंत्री सिलावट ने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार, किसानों का हित और एससी-एसटी वर्ग का विकास प्राथमिकता रहा है। उन्होंने पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना और किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए कहा कि अब एक परिवार को 20 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है, जो पहले संभव नहीं था।
कांग्रेस पर हमला
सरकार के दो साल पूरे होने पर कांग्रेस द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास अब दिखाने के लिए कुछ नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार के दौरान प्रदेश का सिंचित रकबा 7 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है।
प्रेसवार्ता के अंत में जब एक बार फिर ग्वालियर की सड़कों को लेकर सवाल किया गया तो प्रभारी मंत्री ने दोहराया कि सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा और इसी के साथ प्रेसवार्ता समाप्त हो गई।