भोपाल में युवा कांग्रेस के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष अमित खत्री के खिलाफ हफ्ते भर में दूसरी बार जोरदार प्रदर्शन हुआ। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर दो दर्जन से अधिक युवक और युवतियां हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और अमित खत्री मुर्दाबाद के नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों ने तख्तियों पर लिखे स्लोगन जैसे “बलात्कार और एससी-एसटी का आरोपी अमित खत्री”, “राहुल गांधी न्याय दो” के जरिए अपने विरोध और मांग को जाहिर किया।


युवा कांग्रेस की कार्यकर्ता कनक चौहान ने कहा कि अमित खत्री के खिलाफ गंभीर आरोप हैं, जिसमें एससी-एसटी और बलात्कार शामिल हैं। उनका कहना था कि ऐसे व्यक्ति को युवा कांग्रेस का जिला अध्यक्ष नहीं रहना चाहिए। कनक ने यह भी कहा कि अगर अमित खत्री यह दावा कर रहे हैं कि एफआईआर में दर्ज नाम वही नहीं हैं, तो उन्हें एफिडेविट दे देना चाहिए ताकि मामला स्पष्ट हो सके।
कनक ने आगे बताया कि वे जीतू पटवारी के पास आवेदन लेकर गई थीं, लेकिन अभी तक किसी कार्रवाई की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि वे कल 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में शामिल होंगी और वहां राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मिलकर मामले की जानकारी देंगी तथा अमित खत्री को पद से हटाने की मांग करेंगी।
मध्यप्रदेश यूथ कांग्रेस के भोपाल (शहरी) जिले में अध्यक्ष पद को लेकर चल रहे विवाद में यह नया मोड़ सामने आया है। पिछले दिनों जिस युवा कांग्रेसी को शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उसके खिलाफ महिलाओं ने शनिवार को प्रदर्शन कर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारी राहुल गांधी के नाम का बैनर लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और पद से हटाने की मांग दोहराई।