मध्यप्रदेश के खजुराहो स्थित सीएम राइज स्कूल में पत्थरबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में 11वीं कक्षा की छात्रा कल्पना पाल घायल हो गई, जिसके सिर में पत्थर लगने से गंभीर चोट आई। छात्रा को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में टांके लगाए गए हैं। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



घटना से नाराज बड़ी संख्या में छात्र खजुराहो थाने पहुंचे और नारेबाजी करते हुए शिकायत दर्ज कराई। छात्रों का आरोप है कि स्कूल में पिछले कई दिनों से हिंसक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रबंधन और शिक्षक सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं। 12वीं कक्षा के छात्र राजकुमार ने बताया कि एक दिन पहले भी एक छात्र के साथ डंडे और पत्थरों से मारपीट की गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी छात्र की जान चली जाती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता।
छात्रों का कहना है कि स्कूल का माहौल लगातार बिगड़ रहा है और मारपीट की घटनाओं के दौरान स्टाफ हस्तक्षेप नहीं करता। वहीं, खजुराहो पुलिस ने बताया कि स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगे गए हैं, लेकिन अब तक फुटेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुंदेलखंड छात्र शक्ति संगठन के अध्यक्ष सत्येंद्र शर्मा ने स्कूल प्रबंधन पर कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।