रानगिर। समाज को धर्म, संस्कृति और संस्कारों की दिशा में आगे ले जाना और नशे से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के संस्कारित और चरित्रवान लोगों को आगे बढ़ाने से ही समाज की प्रतिष्ठा बढ़ती है। समाज की बेटियों के लिए तहसील व ब्लॉक स्तर पर कन्या छात्रावासों की व्यवस्था होनी चाहिए। यह विचार पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने रानगिर में आयोजित जिला क्षत्रिय महासभा सागर की बैठक को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
बैठक में क्षत्रिय समाज की वैवाहिक पत्रिका का विमोचन किया गया। साथ ही रानगिर स्थित गुफा मंदिर स्थल के निर्माण कार्य हेतु भूपेन्द्र सिंह ने अपनी ओर से 5 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम में लगभग 1500 से अधिक क्षत्रिय समाजजन उपस्थित रहे।


भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि दुनिया में वही पूज्य होता है जो निस्वार्थ भाव से देता है। सूर्य, चंद्रमा, नदियां और वृक्ष बिना कुछ लिए मानवता को लाभ पहुंचाते हैं, इसलिए पूजे जाते हैं। समाज के उत्थान के लिए समय और धन देने वालों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने परोपकार को धर्म और दूसरों को पीड़ा देना पाप बताया तथा दानवीर कर्ण के त्याग को क्षत्रिय समाज का आदर्श बताया।

उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज को आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना आवश्यक है। शिक्षा का कोई विकल्प नहीं है। जीवन सादगीपूर्ण और व्यसनमुक्त होगा तो अपव्यय रुकेगा और समाज आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा। उन्होंने फूल-मालाओं के स्थान पर बच्चों की शिक्षा से जुड़ी सामग्री भेंट करने की परंपरा अपनाने का आह्वान किया।
भूपेन्द्र सिंह ने समाजजनों से अपील की कि प्रत्येक तहसील और ब्लॉक में 20–25 सक्षम लोग आगे आकर समाज की बेटियों के लिए निःशुल्क कन्या छात्रावास संचालित करें। उन्होंने वैवाहिक पत्रिका को समाज के लिए उपयोगी पहल बताते हुए कहा कि इसमें समाज के युवक-युवतियों के बायोडाटा के साथ इतिहास और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े लेख भी प्रकाशित किए जा सकते हैं। युवाओं की झिझक दूर करने के लिए महिला विंग द्वारा परिचय सम्मेलन आयोजित करने का सुझाव भी दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह ने बताया कि भूपेन्द्र सिंह ने अपने मंत्रित्व काल में महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापना के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। उन्होंने महाराणा प्रताप कन्या छात्रावास में निवासरत 45 छात्राओं के समस्त व्यय वहन करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
जिला क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष लखन सिंह ने संगठन की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। महिला विंग अध्यक्ष प्रीति सिंह राजपूत, तहसील अध्यक्ष अभिजीत सिंह गोल्डी और प्रवक्ता राजेश सिंह परासरी ने भी विचार रखे। बैठक का शुभारंभ महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संचालन रणधीर सिंह मासाब पटना ने किया तथा आभार प्रदर्शन राहुल सिंह ने किया।
बैठक में समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा साथी एवं विभिन्न समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।