सागर जिले के खुरई में जेल रोड स्थित एक आवासीय कॉलोनी में पिछले करीब 10 दिनों से नाग-नागिन के जोड़े की मौजूदगी से दहशत का माहौल बना हुआ था। रविवार को यह जोड़ा एक खाली प्लॉट में नजर आया, जिसके बाद रहवासियों ने तुरंत सागर से स्नेक कैचर को सूचना दी।
सूचना मिलने पर स्नेक कैचर अकील बाबा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम के पहुंचते ही नाग-नागिन बिल में घुस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए नगर पालिका से पानी का टैंकर मंगवाया गया और बिल में पानी भरा गया। पानी भरते ही दोनों सांप बाहर निकल आए, जिन्हें अकील बाबा और उनके बेटे असद खान ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित पकड़ लिया।

स्नेक कैचर अकील बाबा ने बताया कि पकड़े गए दोनों सांप कोबरा प्रजाति के हैं, जिनकी लंबाई लगभग 5 से 6 फीट है। यह जोड़ा कई दिनों से कॉलोनी के आसपास घूम रहा था, जिससे लोग भय के कारण घरों के दरवाजे और खिड़कियां तक नहीं खोल पा रहे थे।

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। अकील बाबा ने बताया कि कोबरा अत्यंत जहरीला सांप होता है और समय पर इलाज न मिलने पर इसके डसने से जान भी जा सकती है। नाग-नागिन के पकड़े जाने के बाद कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली।