सागर के जरुआखेड़ा बस स्टैंड स्थित ‘आदिति कंप्यूटर’ नामक कंप्यूटर दुकान में रविवार देर रात बदमाशों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के दौरान दुकान की पहली मंजिल पर सो रहे दुकानदार अरविंद विश्वकर्मा और उनका परिवार धुएं से जाग गया। समय रहते उन्होंने आग बुझा दी, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, रात करीब 12 बजे बाइक सवार दो बदमाश दुकान के पास पहुंचे। एक बदमाश ने शटर के नीचे पेट्रोल डालकर आग लगाई, जबकि दूसरा बाइक पर खड़ा रहा। आग लगने से दुकान में रखा कंप्यूटर, फोटोकॉपी मशीन, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज जल गए।

जरुआखेड़ा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का पंचनामा बनाया। चौकी प्रभारी अनिल कुजूर ने बताया कि सीसीटीवी में आरोपियों के चेहरे स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहे हैं, लेकिन हुलिए के आधार पर उनकी तलाश जारी है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।