सागर।
नगर के बजरिया से खाकी बाबा तक लगभग तीन माह पूर्व निर्मित सीसी सड़क अब अपनी गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में आ गई है। सड़क की सतह पर जगह-जगह गिट्टियां दिखाई देने लगी हैं, जिससे सड़क के शीघ्र खराब होने के संकेत मिल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि यह सड़क नगर पालिका अध्यक्ष के निवास के सामने से होकर गुजरती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब अध्यक्ष के घर के सामने बनी नई सड़क की यह स्थिति है, तो नगर की अन्य सड़कों की हालत का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। इसे लेकर लोगों में नगर पालिका और ठेकेदार के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।

नागरिकों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसका परिणाम यह है कि कुछ ही महीनों में सड़क उखड़ने लगी है।
इस संबंध में नगर पालिका के इंजीनियर शिवराम साहू ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति तीन दिन पूर्व उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया है। इंजीनियर साहू के अनुसार ठेकेदार द्वारा सड़क की पुनः मरम्मत कराई जाएगी, जिससे निर्माण गुणवत्ता में सुधार किया जा सके।