दमोह।
दमोह में चोरी के मामले में जेल में बंद अपने पति कैलाश वंशकार से मिलने आई गर्भवती महिला निशा वंशकार (30) ने मंगलवार को कोर्ट परिसर में ही बच्चे को जन्म दिया। मौके पर मौजूद वकीलों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर मां-बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत फिलहाल स्वस्थ बताई जा रही है।

शहर के सिविल वार्ड तीन की निवासी निशा के पति पिछले तीन महीने से चोरी के मामले में जेल में हैं। उनकी गर्भवस्था के दौरान ही मंगलवार को कोर्ट में पेशी के लिए आई निशा को अचानक तेज प्रसव पीड़ा हुई।
महिला की जेठानी रजनी वंशकार ने बताया कि यह परिवार का चौथा बच्चा है और खुशी जताते हुए कहा कि इस बच्चे का नाम वकील रखा जाएगा।

प्रत्यक्षदर्शी अधिवक्ता आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी गर्भवती महिला ने कोर्ट परिसर में शिशु को जन्म दिया। वकीलों ने तत्काल महिला के चारों ओर घेरा बनाकर सुरक्षा सुनिश्चित की और फिर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।