धार में होटल के कमरे में थाना प्रभारी का शव मिलने से सनसनी, बीमारी से मौत की आशंका !

Spread the love

धार।
मध्यप्रदेश के धार जिले में उस समय सनसनी फैल गई, जब खरगोन थाना प्रभारी का शव एक होटल के कमरे में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण बीमारी बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, खरगोन में पदस्थ थाना प्रभारी करण सिंह रावत उर्स कार्यक्रम में ड्यूटी के सिलसिले में धार आए हुए थे। इसी दौरान उनका शव होटल के कमरे में मिला। करण सिंह रावत मूल रूप से अलीराजपुर जिले के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

बताया जा रहा है कि मृतक थाना प्रभारी काफी समय से लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। उनके होटल के कमरे से दवाइयां भी बरामद हुई हैं। सूचना मिलने पर परिजन भी धार पहुंचे और उन्होंने भी करण रावत के लंबे समय से बीमार रहने की पुष्टि की है।

धार पुलिस कप्तान मयंक अवस्थी ने टेलिफोनिक चर्चा में बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी की मौत बीमारी के चलते हुई है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मर्ग जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है। कर्तव्यनिष्ठ और अनुभवी अधिकारी के असामयिक निधन से साथी अधिकारी और कर्मचारी भी स्तब्ध हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *