सुरखी विधानसभा में 800 से अधिक प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया उत्साहवर्धन

Spread the love


सुरखी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान समारोह–2025 महाकवि पद्माकर सभागार में गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में शैक्षणिक सत्र के दौरान 70 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले 800 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों पर पुष्पवर्षा कर सभी का अभिनंदन किया। मंच से सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र के साथ प्रोत्साहन स्वरूप एक-एक हजार रुपये की राशि भी प्रदान की गई, वहीं चयनित मेधावी छात्राओं को स्कूटी वितरित कर शुभकामनाएं दी गईं।

अपने संबोधन में मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। विद्या से बढ़कर कोई धन नहीं होता और विद्वान व्यक्ति का सम्मान देश-विदेश में होता है। उन्होंने कहा कि आज भारत के आईटी क्षेत्र के विद्यार्थी नासा जैसी वैश्विक वैज्ञानिक संस्थाओं में नेतृत्व कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं जिस तेजी से शिक्षा ग्रहण कर आगे बढ़ रही हैं, वह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में बड़े शहरों की तर्ज पर आधुनिक विद्यालय, स्मार्ट क्लास, अच्छी प्रयोगशालाएं और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया गया है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का परिणाम है। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

समारोह में सुरखी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई। क्षेत्र में कुल 37 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 25 हाईस्कूल और 12 हायर सेकेंडरी विद्यालय शामिल हैं। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अब तक 335 विद्यार्थियों को लैपटॉप और 22 विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की जा चुकी हैं। वहीं कक्षा 9वीं के 2028 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें प्रदान कर शिक्षा को और अधिक सुलभ बनाया गया है।

विद्यालयों के अधोसंरचना विकास के अंतर्गत 7 अतिरिक्त कक्षों को प्रयोगशालाओं के रूप में विकसित करने की स्वीकृति दी गई है। शासकीय कन्या उमावि राहतगढ़ एवं मीरखेड़ी में लगभग 19.86 लाख रुपये तथा शासकीय हाईस्कूल गुरैया एवं भीष्मनगर में 18.55 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ है। इसके अलावा 22 विद्यालयों के अनुरक्षण के लिए 70.18 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है।

शिक्षा उन्नयन की दिशा में 29 माध्यमिक विद्यालयों को हाईस्कूल तथा 16 हाईस्कूल को हायर सेकेंडरी में उन्नयन के प्रस्ताव भेजे गए हैं। साथ ही 27 विद्यालयों के लिए आईसीटी प्रोजेक्ट, 33 विद्यालयों में फर्नीचर की मांग, 8 विद्यालयों में आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास की सुविधा 13 विद्यालयों में 27 पैनल तथा 46 विद्यालयों में 46 पैनल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में स्मार्ट क्लास, आधुनिक प्रयोगशालाएं और सुरक्षित स्कूल परिसर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प है कि हर बच्चा शिक्षा से जुड़े और इसी दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निरंतर प्रयास कर रहे हैं।

कार्यक्रम में डॉ. सुखदेव मिश्रा, डॉ. वीरेंद्र पाठक, शैलेंद्र श्रीवास्तव, साहब सिंह, धीरज सिंह औरिया, जेडी विसेन, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह, एपीसी अरविंद चौबे, राजकुमार कपूर, डॉ. महेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस सम्मान समारोह का उद्देश्य न केवल मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना था, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाकर विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना भी रहा।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *