इंदौर |
लसूडिया थाना क्षेत्र में बहू और सास-ससुर के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। एफआईआर दर्ज नहीं होने से नाराज महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराते हुए पति, सास-ससुर समेत चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
खास बात यह है कि यह बहू की ओर से पति पर दूसरी और परिवार के खिलाफ पहली एफआईआर है। इससे पहले महिला के खिलाफ उसकी सास दो बार और ससुर एक बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं।

विवाद का वीडियो हुआ था वायरल
लसूडिया के शांति निकेतन क्षेत्र में 14 दिसंबर को हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। इसके दो दिन बाद ससुर की शिकायत पर बहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। अब नेहरू कुटिया, मालकागंज दिल्ली निवासी रूचि शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति नितेश सिंघानिया, ससुर विनोद सिंघानिया, सास कनकलता सिंघानिया और एक अन्य रिश्तेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
रूचि ने शिकायत में आरोप लगाया कि करीब एक सप्ताह पहले हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे उसे और उसके बेटे को चोटें आईं। महिला का आरोप है कि पहले पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की, लेकिन वीडियो सामने आने और वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत के बाद मेडिकल कराया गया, जिसके बाद केस दर्ज हुआ।
ससुर ने भी कराया था केस
करीब पांच दिन पहले 70 वर्षीय ससुर विनोद सिंघानिया ने भी बहू रूचि शर्मा और उसकी बहन के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि रूचि ने उनकी पत्नी कनकलता और बेटे नितेश के साथ मारपीट की थी, जिसमें कनकलता को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
टिफिन को लेकर बढ़ा विवाद
ससुर विनोद के अनुसार, रूचि बंगले के एक कमरे में जबरन रह रही है और घर के अन्य सदस्यों से आए दिन विवाद करती रहती है। टिफिन में सामान रखकर बाहर भेजने को लेकर 14 दिसंबर को विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि रूचि ने सास को सीढ़ियों से धक्का दे दिया और पति के हाथ पर काट लिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं मामले
इससे पहले भी सास कनकलता सिंघानिया ने करीब दो माह पूर्व रूचि के खिलाफ जबरन घर में घुसने और कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। वहीं रूचि शर्मा ने भी गाजियाबाद और दिल्ली में पति और अन्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराए हैं।
महिला का आरोप है कि पति, सास और ससुर बाउंसरों की मदद से उसे घर से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल लसूडिया पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।