इंदौर: सुखलिया में सड़क विवाद के दौरान पिता-पुत्र के सामने मारपीट, दोनों पक्षों पर मामला दर्ज !

Spread the love

इंदौर, 21 दिसंबर: शहर के सुखलिया इलाके में एक सड़क विवाद वीडियो में सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक शख्स को उसके बेटे के सामने पीटते नजर आ रहे हैं।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, इस मामले में हीरा नगर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना शुक्रवार को हुई थी।

शिकायतकर्ता मनोज ने बताया कि उनके बेटे की परीक्षा चल रही थी और वह उसे स्कूल से लेकर घर जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे मोटरसाइकिल चालक सागर वामदले और उनके साथी अनुज दीक्षित ने बाइक टर्न करने को लेकर उन्हें गालियां दीं। जब मनोज ने उन्हें मना किया, तो अनुज ने धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी। सागर वामदले ने पास में पड़े लोहे के पाइप से मनोज को घुटने के नीचे और सिर पर मार दिया, जिससे उनके बाएं पैर और सिर में चोट आई।

दूसरी ओर, सागर वामदले ने पुलिस को बताया कि मदरलैंड स्कूल के पास सामने से आ रही स्कूटर उनके बाइक के सामने आ गई थी। उन्होंने गाड़ी संभालकर चलाने को कहा, जिसके बाद व्यक्ति नाराज हुआ और उन्हें गालियां दीं। जब उन्होंने अपना बचाव किया, तो विरोधी पक्ष ने पास की स्टेशनरी दुकान से कोई वस्तु लेकर उन्हें मारा, जिससे उनके दाहिने हाथ की हथेली में चोट आई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *