गौरझामर थाना क्षेत्र के ग्राम डोमा जैतपुर स्थित मंदिर में रविवार सुबह चोरी की वारदात सामने आई। मंदिर के पुजारी जब सुबह दर्शन के लिए पहुंचे, तो गेट खुला पाया और अंदर जाकर देखा कि भगवान के आभूषण गायब थे।

मंदिर में भगवान श्रीराम-जानकी और राधा-कृष्ण के मूर्तियों के लिए रखे 7 चांदी के मुकुट और अन्य आभूषण करीब 5 लाख रुपये कीमत के थे। चोरी की सूचना मिलते ही पुजारी ने तुरंत ग्रामीणों को जानकारी दी, जिससे मंदिर परिसर में भीड़ जमा हो गई।
सूचना पाकर गौरझामर थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल से सबूत जुटाए और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो चोर नजर आए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गांव के लोग बता रहे हैं कि पिछले तीन दिनों से गांव में बिजली बंद थी। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण सीसीटीवी कैमरे ठीक से काम नहीं कर रहे थे। ग्रामीणों का मानना है कि चोरों को यह बात पहले से पता थी और उन्होंने अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी को अंजाम दिया।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है।