CLAT 2025 में सागर के अक्षत पाठक का शानदार प्रदर्शन, ऑल इंडिया रैंक 116 प्राप्त कर बने सिटी टॉपर !

Spread the love

सागर। राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए कंसोर्टियम ऑफ लॉ यूनिवर्सिटीज द्वारा आयोजित कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) का परिणाम हाल ही में घोषित किया गया, जिसमें सागर के होनहार छात्र अक्षत पाठक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 116 एवं मध्य प्रदेश रैंक 7वीं हासिल की है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ अक्षत सागर सिटी टॉपर बने हैं।

अक्षत पाठक, एडवोकेट एवं कर सलाहकार पवन पाठक के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी पूरी स्कूली शिक्षा सागर में ही पूर्ण की है। अपनी सफलता को लेकर अक्षत ने बताया कि CLAT की तैयारी के दौरान कोचिंग के साथ-साथ माता-पिता का भरपूर सहयोग उन्हें मिला, जो उनकी सफलता का सबसे बड़ा आधार रहा।

अक्षत का कहना है कि किसी भी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में निरंतरता सबसे महत्वपूर्ण होती है और उन्होंने पूरे फोकस के साथ नियमित अध्ययन किया। उन्होंने बताया कि मॉक टेस्ट ने उनकी तैयारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परीक्षा से लगभग 100 दिन पहले उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी, जिससे उनका ध्यान पूरी तरह पढ़ाई पर केंद्रित रहा।

लीगल रीजनिंग की तैयारी को लेकर अक्षत ने बताया कि इस विषय पर उन्होंने अपने पिता से कई बार गहन चर्चा की, जिससे उनकी समझ और आत्मविश्वास दोनों में वृद्धि हुई। उल्लेखनीय है कि अक्षत की मां श्रीमती संगीता पाठक भी एल.एल.बी. उत्तीर्ण हैं, जिनका मार्गदर्शन भी उन्हें लगातार मिलता रहा।

अक्षत पाठक की इस सफलता पर उनके परिवारजनों, मित्रों एवं सनराइज टाउन कॉलोनी के निवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *