सुरखी थाना क्षेत्र में एसएएफ जवान ने की आत्महत्या, फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस !

Spread the love

सागर। जिले के सुरखी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रैपुरा में शनिवार देर रात एसएएफ (स्पेशल आर्म्ड फोर्स) के एक जवान ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव और परिवार में शोक की लहर फैल गई है। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो जवान फंदे पर लटका मिला। उन्होंने तत्काल रस्सी काटकर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सुरखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रविवार को शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है।

एफएसएल सागर में अटैच था जवान

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक जवान का नाम महेंद्र अहिरवार (35) पिता भैयालाल अहिरवार है, जो ग्राम रैपुरा का निवासी था। वह एसएएफ में पदस्थ था और वर्तमान में एफएसएल (FSL) सागर में अटैच था। घटना के समय वह घर पर ही मौजूद था। अज्ञात कारणों के चलते उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

घर में नहीं था कोई विवाद

मृतक के पिता भैयालाल अहिरवार ने बताया कि उनके दो बेटे हैं, जिनमें महेंद्र बड़ा था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। पिता के अनुसार घर में किसी प्रकार का कोई पारिवारिक विवाद नहीं था। साथ ही उन्हें बेटे पर किसी तरह के विभागीय तनाव की भी कोई जानकारी नहीं थी।

भोपाल से आए फोन कॉल को बताया संदिग्ध

पिता ने मामले में एक अहम और संदिग्ध पहलू सामने रखा है। उनका कहना है कि भोपाल से किसी युवती का फोन आया था, जो महेंद्र से बात कराने की बात कह रही थी। इसी को लेकर उन्होंने पुलिस से मृतक बेटे के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाने की मांग की है। उनका मानना है कि कॉल डिटेल से आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकता है।

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कॉल डिटेल, पारिवारिक स्थिति, ड्यूटी से संबंधित पहलुओं और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *