बीना। शहर के गांधी वार्ड निवासी एक युवक ने पुलिस द्वारा शिकायत नहीं सुने जाने से आक्रोशित होकर रविवार को सर्वोदय चौराहे पर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। युवक का आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई और जातिगत गालियां देकर अपमानित किया गया, लेकिन थाने में उसकी शिकायत दर्ज नहीं की जा रही थी। प्रदर्शन के बाद पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज किया गया।

बाइक की टक्कर से शुरू हुआ विवाद
पीड़ित रामकुमार पिता सुरेश अहिरवार (27) ने बताया कि वह रविवार सुबह करीब 6:30 बजे मजदूरी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान प्रवेश रैकवार तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए आया और उसे टक्कर मार दी। जब रामकुमार ने लापरवाही से वाहन चलाने पर आपत्ति जताई, तो विवाद बढ़ गया।

जातिगत गालियों और मारपीट का आरोप
रामकुमार के अनुसार, कुछ ही देर में कमलेश रैकवार और कल्लू रैकवार मौके पर पहुंच गए। दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जातिगत अपशब्द कहे। आरोप है कि कमलेश ने डंडे से दाहिने पैर के घुटने के नीचे मारा, जबकि कल्लू ने बाएं पैर पर डंडा मारा, जिससे उसे चोट आई। जाते समय दोनों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत नहीं सुने जाने से भड़का आक्रोश
घटना के दौरान प्रदीप अहिरवार और जितेंद्र अहिरवार वहां पहुंचे और बीच-बचाव कर रामकुमार को बचाया। दोनों ने घटना के गवाह होने की बात कही है। रामकुमार का आरोप है कि घटना के बाद वह थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया। इससे मानसिक रूप से परेशान होकर उसने करीब 11:30 बजे सर्वोदय चौराहे पर कपड़े उतारकर अर्धनग्न प्रदर्शन शुरू कर दिया।
समझाइश के बाद दर्ज हुआ मामला
अर्धनग्न प्रदर्शन की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस के आरक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को समझाइश दी और थाने ले गए। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।