SMA से जूझ रही मासूम अनिका के लिए शहर में उतरी 400 लोगों की टीम !

Spread the love

इंदौर की मासूम अनिका शर्मा की जिंदगी बचाने के लिए शहरभर में मानवीय प्रयास देखने को मिल रहा है। SMA टाइप-2 जैसी दुर्लभ बीमारी से पीड़ित अनिका के इलाज के लिए करीब 400 लोगों की टीम अलग-अलग इलाकों में क्राउड फंडिंग कर रही है। लोग हाथों में बच्ची के फोटो वाले फ्लेक्स लेकर आम नागरिकों से मदद की अपील कर रहे हैं।

इसके साथ ही कुछ लोग फोन कॉल के जरिए भी परिचितों और जानकारों से संपर्क कर डोनेशन जुटाने में लगे हुए हैं, ताकि अनिका के इलाज के लिए जरूरी राशि जल्द से जल्द इकट्ठा की जा सके।

SMA टाइप-2 एक दुर्लभ बीमारी
बताया जा रहा है कि SMA टाइप-2 बीमारी 10 से 12 लाख बच्चों में किसी एक को होती है। इस बीमारी में बच्चे की मांसपेशियां धीरे-धीरे कमजोर होती जाती हैं, जिससे बच्चा न बैठ पाता है और न ही चल पाता है। इस बीमारी का एकमात्र इलाज अमेरिका से आने वाला ‘Zolgensma’ इंजेक्शन है, जिसकी कीमत करीब 9 करोड़ रुपये है।

शहरभर में चल रही क्राउड फंडिंग
बच्ची की मदद में जुटे अनीश पांडे ने बताया कि टीम के सदस्य बाजारों, कॉलोनियों, शोरूम, कोर्ट परिसर सहित कई जगहों पर जाकर फंडिंग कर चुके हैं। टीम में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं, जो अनिका के इलाज के लिए लोगों से भावनात्मक अपील कर रहे हैं।

अब तक 3.90 करोड़ से ज्यादा की राशि जुटी
क्राउड फंडिंग और ऑनलाइन माध्यम से अब तक 1 करोड़ 17 लाख रुपये ऑनलाइन और करीब 35 लाख रुपये नगद जमा हो चुके हैं। इसके अलावा जिन लोगों ने मदद का आश्वासन दिया है, उन्हें जोड़कर कुल राशि 3 करोड़ 90 लाख रुपये से अधिक पहुंच चुकी है। हालांकि 9 करोड़ रुपये का लक्ष्य अभी दूर है, लेकिन टीम लगातार प्रयास कर रही है।

सेलिब्रिटी और जनप्रतिनिधि भी आए आगे
मासूम अनिका की मदद के लिए कई सेलिब्रिटी भी आगे आ चुके हैं। फिल्म अभिनेता सोनू सूद, बिग बॉस की आवाज विजय विक्रम सिंह और सिंगर पलक मुच्छाल ने जनता से अनिका के लिए मदद की अपील की है। इसके अलावा कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन भी बच्ची की मदद को आगे आए हैं।

शहरवासियों को उम्मीद है कि सामूहिक प्रयास से समय रहते राशि जुटा ली जाएगी और मासूम अनिका को नया जीवन मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *