खुरई। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगामी 8 जनवरी को खुरई दौरा लगभग साढ़े तीन घंटे का रहेगा, जिसे खुरई की विशेष परंपरा के अनुरूप ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा। यह जानकारी पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठकों के दौरान दी।

पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलीपेड से नेहरू स्टेडियम स्थित सभास्थल तक रैली के रूप में पहुंचेंगे। इस दौरान नगर के प्रमुख मार्गों श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड, महाकाली, झंडा चौक होते हुए भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खुरई में फूल मालाओं, पुष्प गुच्छों और शालों से स्वागत की परंपरा को बदलते हुए अब शिक्षण सामग्री, कंबल, फल आदि से स्वागत किया जा रहा है, ताकि स्वागत में होने वाला खर्च जनकल्याण में उपयोग हो सके।

इस नई परंपरा के पहले ही आयोजन में स्वागतकर्ताओं द्वारा लगभग 50 हजार रुपये की शिक्षण सामग्री, कंबल आदि मंच पर एकत्रित हुए, जिन्हें मौके पर ही स्कूली बच्चों और गरीब महिलाओं में वितरित कर दिया गया। इस पहल की नगरवासियों ने सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।

मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने जनपद पंचायत कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों और नगरपालिका सभाकक्ष में पार्षदों के साथ बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने विकास कार्यों की सूची तैयार कर एसडीएम श्री मनोज चौरसिया को सौंपें। जो कार्य पूर्णता की ओर हैं, उन्हें 15 दिवस में पूरा कर लोकार्पण सूची में शामिल किया जाए तथा स्वीकृत कार्यों के भूमिपूजन की प्रक्रिया भी समय पर पूर्ण की जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

इसके पूर्व श्री भूपेन्द्र सिंह पं. केसी शर्मा स्कूल प्रांगण में आयोजित विकासखंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि संकल्प और परिश्रम से शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उज्ज्वल भविष्य बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि खुरई में खेल सुविधाओं के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए गए हैं, जिससे यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
उन्होंने जानकारी दी कि खुरई में 18 करोड़ की लागत से तरणताल एवं वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण मार्च तक पूरा हो जाएगा, वहीं गूलर रोड पर आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी शीघ्र तैयार होगा। पिछले आठ वर्षों में खुरई में कई इंडोर-आउटडोर स्टेडियम, बैडमिंटन कोर्ट और जिम विकसित किए गए हैं। कार्यक्रम में उन्होंने 9 खेलों के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्हीं बाई, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, एसडीएम मनोज चौरसिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजपाल सिंह, रविंद्र सिंह, पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, शिक्षक, खेल शिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।